गोसाईगंज। कोरोनावायरस को लेकर बुधवार को गोसाईगंज नगर में एसडीएम सदर व सीओ के सख्त रुख का असर दिखा। निरीक्षण में दुकान द्वारा मास्क न लगाए जाने के कारण एक शराब का ठेका सील कर दिया। सख्ती से मानक न पूरी करने वाले दुकानों के शटर खटाखट गिर गए। अफसरों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि दुकानदार कोरोनावायरस को लेकर मानक नहीं पूरा करते हैं तो, उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
शासन व प्रशासन द्वारा गाइडलाइन जारी कर कुछ दुकानों को खोलने का निर्देश जारी किया गया था, परंतु बुधवार को कई दुकानों पर सोशल डिस्टेंस का खुला मखौल उड़ रहा था। दुकानदारों द्वारा गोला तो बनाया गया था, परंतु सोशल डिस्टेंस का अनुपालन नहीं हो रहा था। एसडीएम सदर आयुष चौधरी व सीओ वीरेंद्र विक्रम ने औचक निरीक्षण के बाद कई खामियां पाई।
व्यवसायियों को कड़ी फटकार लगाई। यह देखकर दुकानदारों ने खटाखट अपना शतक गिराना शुरू कर दिया, व्यापारियों में हड़कंप मच गया। एसडीएम व सीओ ने मार्ग पर चलने वाले वाहनों का निरीक्षण किया। मास्क हेलमेट ना लगाया जाने पर करीब 24 वाहनों का चालान किया गया। तीन वाहनों को सीज किया गया। ध्वनि विस्तारक यंत्र से नगर में घूम घूम कर मास्क व सैनिटाइजर के प्रयोग पर बल दिया।