सरयू में डूब रहे दोस्त की जान बचाने के प्रयास में खुद की जान गंवाने वाले जिले के लाल शिवांश (15) को गणतंत्र दिवस के मद्देनजर रविवार को दिल्ली में राष्ट्रीय वीरता पदक से सम्मानितकिया जाएगा। पदक लेने के लिए शिवांश के मां-बाप व छोटा भाई दिल्ली पहुंच गए हैं।
इंडियन काउंसिल फॉर चाइल्ड वेलफेयर नई दिल्ली ने शिवांश सिंह को राष्ट्रीय वीरता पदक 2015 के लिए चुना है। संस्था की अध्यक्ष गीता सिद्धार्थ ने छात्र के पिता गांधीनगर नाका निवासी अरुण कुमार सिंह को पत्र भेजकर प्रधानमंत्री भारत सरकार की ओर से पदक हासिल करने के लिए दिल्ली आने का निमंत्रण दिया था।
रविवार को परिवार को वीरता पदक मिलेगा। मोहल्ले के लोगों को उस पल का इंतजार है, जब जिले के लाल को वीरता के लिए सलाम किया जाएगा।
अनिल सरस्वती विद्या मंदिर के शिक्षक व शिवांश के क्लास टीचर सुनील कुमार द्विवेदी, स्टेडियम के तैराकी प्रशिक्षक राजकुमार यादव व तैराकी संघ के जिला सचिव शिवकरन सिंह का कहना है कि शिवांश को वीरता पदक सबके लिए सम्मान की बात है।