अयोध्या। खंडासा थाना क्षेत्र के अमानीगंज बाजार स्थित आयुर्वेद अस्पताल से दवा लेकर लौट रहे दंपती की बाइक में पीछे से कार ने टक्कर मार दी। हादसे में पति-पत्नी घायल हो गए। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के दौरान पत्नी की मौत हो गई। कोतवाली पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
रुदौली कोतवाली क्षेत्र के डिहवा मजरे बरावा गांव निवासी राजकुमार सिंह (56) अपनी पत्नी पुष्पा सिंह (50) को लेकर खंडासा क्षेत्र के अमानीगंज बाजार स्थित आयुर्वेद अस्पताल गए थे। सोमवार दोपहर दंपती दवा लेकर लौट रहे थे। तभी खंडासा क्षेत्र में नहर पटरी पर पीछे से आ रही कार ने राजकुमार की बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दोनों घायल हो गए।
राजकुमार हेलमेट नहीं लगाए थे। स्थानीय लोगों ने दंपती को सीएचसी में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान पुष्पा की मौत हो गई। सीएचसी के डॉ. फहीम ने बताया कि राजकुमार सिंह को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। कोतवाल विश्वनाथ यादव ने बताया कि पुष्पा का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।