कैंट थाना क्षेत्र में एक विधवा को मिट्टी का तेल छिड़ककर मार डालने की कोशिश का मामला सामने आया है। पीड़िता को झुलसी अवस्था में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस को शिकायत दी गई है।
पड़ोसी जिला सुलतानपुर के नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित कृष्णा नगर दरियापुर निवासी शिव प्रसाद का कहना है कि उन्होंने अपनी बहन अनीता (32) का विवाह कैंट के बढ़ई का पुरवा सहादतगंज निवासी राज कुमार के बेटे के साथ किया था।
अनीता के पति की मौत हो चुकी है। अनीता के नाम क्षेत्र में एक जमीन खरीदी गई थी, जिस पर उसके परिवार के लोग कॉलोनी बनवाना चाहते हैं। जिसका अनीता ने विरोध किया तो उसके जेठ राज कुमार उर्फ पप्पू बाबा, देवर राजेंद्र व शेरू समेत तीन अन्य ने गालीगलौज की व जानमाल की धमकी दी तथा अनीता पर मिट्टी का तेल डाल जला दिया।
मंगलवार को एसओ राजीव सिंह ने बताया कि महिला के भाई की शिकायत पर तीन को नामजद करते हुए छह के खिलाफ रिपोर्ट लिखी गई है। जांच कराई जा रही है।