अयोध्या। जिले के पुलिसकर्मियों को अब साप्ताहिक अवकाश मिल सकेगा। जवानों की शारीरिक व मानसिक थकान मिटाने के लिए एसएसपी आशीष तिवारी ने जिले के सभी पुलिसकर्मियों को साप्ताहिक अवकाश देने का फैसला किया है।
शुरुआत में परीक्षण के लिए आरक्षियों को इस व्यवस्था का लाभ दिया जाएगा। पहले दिन शुक्रवार को कोतवाली नगर के पांच आरक्षियों को अवकाश दिया गया।
एसएसपी ने बताया कि लगातार ड्यूटी करने से पुलिस बल के जवान मानसिक रूप से काफी थक जाते हैं, इसका प्रभाव इनकी कार्यक्षमता पर भी दिखाई देता है।
कई बार पुलिसकर्मी ड्यूटी में काफी व्यस्त रहने के कारण अपने लिए समय नहीं निकाल पाते हैं और घर वालों से बात तक नहीं कर पाते। इन सबको ध्यान में रखते हुए पुलिसकर्मियों को साप्ताहिक रेस्ट देने का निर्णय लिया गया है।
बताया कि इसकी शुरुआत थाना कोतवाली नगर से होगी तथा यह साप्ताहिक रेस्ट सर्वप्रथम आरक्षी स्तर पर लागू होगा। ऐसे आरक्षी जो बीट में हैं व चौकी पर नियुक्त हैं, सर्वप्रथम साप्ताहिक रेस्ट की सुविधा ले सकेंगे।
इन आरक्षीगण का साप्ताहिक रेस्ट का रोस्टर ऑनलाइन अवकाश प्रणाली के माध्यम से स्वत: ही तैयार होगा। यह सुविधा सुबह आठ बजे से अगले दिन सुबह आठ बजे तक के लिए होगी। बताया कि साप्ताहिक रेस्ट की इस सुविधा के सार्थक फीडबैक प्राप्त होने के बाद जनपद के अन्य थानों पर भी यह व्यवस्था लागू की जाएगी।
कहा कि नियम और मानवीय आधार पर पुलिस कर्मियों को साप्ताहिक रेस्ट मिलना चाहिए ताकि वे स्वयं के लिए वक्त निकाल सकें तथा अपनों से बात कर सकें।