अयोध्या। पिछले कई दिन से आसमान में छाए बादल एवं धुंध से निजात नहीं मिल रही है। मौसम के इस मिजाज से प्रतिदिन तापमान में उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है।
लगातार कई दिनों से मौसम में तब्दीली देखी जा रही है। सुबह से कोहरे के साथ धुंध छाई रहती है और दिन निकलने के साथ ही आसमान में काले बादलों की आवाजाही का सिलसिला शुरू हो जाता है।
सूर्यदेव के दर्शन दिनभर में यदा-कदा होते हैं। इसकी वजह से सप्ताह भर में तापमान में उतार-चढ़ाव बना हुआ है। दिन में भी लोगों को ठंड का अहसास हो रहा है।
शुक्रवार को अधिकतम तापमान 30 डिग्री एवं न्यूनतम 15.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। आर्द्रता अधिकतम 98 एवं न्यूनतम 67 फीसदी रही। नरेंद्रदेव कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे में बादल छाए रहने एवं वर्षा न होने का अनुमान है।