अयोध्या। रामपथ निर्माण के चलते सहादतगंज से लेकर उदया चौराहे तक दो दिन में 41 जगह पेयजल लाइनें टूटने से 24 नलकूप और चार टंकियों से जलापूर्ति बंद है। इसके चलते 30 मोहल्लों की 60 हजार से ज्यादा आबादी पानी के लिए परेशान है। इस बीच मंगलवार को बड़ी लाइन टूटने से एक व्यापारी की भूमिगत दुकान में पानी भर जाने से काफी नुकसान हुआ है।
रामपथ का निर्माण कर रही कंपनी की लापरवाही पर लगाम नहीं लगने का खामियाजा लोग कई हफ्ते से भुगत रहे हैं। इस रूट पर सोमवार को 40 जगह पेयजल लाइनें टूट गईं जिनकी मरम्मत नहीं हो पाई। मंगलवार को नियावां और अंगूरीबाग के बीच निर्माण कार्य के दौरान पानी की एक बड़ी लाइन टूट गई। इससे पास में स्थित कारोबारी शरद जायसवाल की भूमिगत दुकान में पानी भर गया। फर्नीचर की दुकान में काफी पानी भर जाने से व्यवसायी का भारी नुकसान हुआ।
इसकी जानकारी मिलने पर जल अनुभाग के प्रभारी अपर नगर आयुक्त बागीश शुक्ला मौके पर पहुंचे और निर्माण कंपनी के कर्मचारियों को फटकार लगाई। कहा कि लगातार पेयजल लाइनें टूट रही हैं। उनकी मरम्मत नहीं हो पा रही है। इससे जनता की परेशानी बढ़ रही है। सहायक अभियंता गिरिजेश तिवारी ने बताया कि दो दिन में 41 जगह पेयजल लाइनें टूटी है। इसके चलते करीब 30मोहल्लों में पानी की आपूर्ति बंद हो गई है।