अयोध्या-रविवार को अहिराना मोहल्ला के बड़ाभक्तमाल के सामने जलापूर्ति पाइप फटने के कारण सड़क पर बह रहे पानी से आक्रोशित होकर प्रदर्शन करते लोग।
- फोटो : अमर उजाला
रामनगरी के कई मोहल्लों में सीवर लाइन की खुदाई से कई जगहों पर पेयजल आपूर्ति की पाइप लाइन फटने से जलापूर्ति ठप हो गई। सड़कों पर पानी भर रहा है। जलापूर्ति न होने और कई मोहल्लों में सडक़ों व नालियों में जलभराव के हालात से परेशान लोगोें ने रविवार को जगह-जगह सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया।
लोगों का कहना है कि संक्रामक बीमारियों का भी खतरा बढ़ गया है। नगरी के सीताकुंड, विद्याकुंड, यज्ञवेदी समेत आसपास के घरों में ठीक से पानी नहीं पहुंच पा रहा है। वहीं जैन मंदिर के रास्ते पर बड़ाभक्तमाल मदरहिया व विद्याकुंड मोहल्ले में सड़क पर पानी बह रहा है। शिकायत नगरपालिका प्रशासन से की गई है। जल्द निदान न होने पर इसको चुनावी मुद्दा बनाकर वोट का बहिष्कार भी कर सकते हैं।
धर्मनगरी में कई वर्ष पूर्व करोड़ों रुपये की लागत से सीवर लाइन योजना पर काम शुरू हुआ था। जिसका दूसरा चरण लगभग वर्ष भर से चल रहा है। इस चरण में सीवर लाइन का विस्तारीकरण कार्य किया जा रहा है। जलभराव से निजात दिलाने के लिए किया जा रहा यह कार्य वर्तमान में नागरिकों के लिए मुसीबत का सबब बन गया है।
सीवर लाइन विस्तार कार्य से जमीन के धंसने से आशंकित पुराने मकानों के मालिक अभी उबर नहीं पाये हैं कि जलापूर्ति व जलभराव की समस्या से दो-चार होना पड़ रहा है। क्षेत्र में जलापूर्ति के लिए भूमिगत पाइप लाइन जगह-जगह से फट जाने से पेयजल आपूर्ति के दौरान सड़कों पर पानी बह रहा है, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है, तो क्षेत्रवासियों को पेयजल संकट से दो-चार होना पड़ रहा है।
पालिका प्रशासन से शिकायत करने पर वह इसके लिए कार्यदायी संस्था जल निगम को जिम्मेदार बताता है और जल निगम की ओर से जलापूर्ति पालिका का विषय बताया जा रहा है। रविवार को बड़ा भक्तमाल क्षेत्र स्थित मदरहिया मोहल्ले के लोगों ने पाइप लाइन टूटने से सड़क पर जलभराव को लेकर आक्रोश जताया तो विद्याकुंड इलाके में ठीक से जलापूर्ति न मिल पाने को लेकर स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन किया। विद्याकुंड क्षेत्र के राम बरन यादव व रामसूरत ने बताया कि लगभग डेढ़ माह से उनके घरों के जलापूर्ति प्रभावित है।