जिले में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के अंतिम चरण का मतदान हो गया। अब सियासत से जुड़े लोगों के साथ ही आम लोगों की निगाहें मतगणना पर टिकी हैं।
मतगणना स्थलों पर बैरीकेडिंग शुरू कर दी गई है। इसके साथ ही ब्लॉकों में मतगणना के लिए पास जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
जिले में 11 ब्लॉक क्षेत्रों में इतने ही स्थानों पर मतगणना कराने की व्यवस्था की गई है। प्रशासन ने इसके लिए विद्यालयों का अधिग्रहण करके यहीं पर बैलेट बॉक्सों के स्ट्रांग रूम बनाए गए हैं।
मतदान के बाद बैलेट बॉक्सों को पुलिस की सुरक्षा में इन्हीं स्थानों पर रखा गया है। मतगणना एक नवंबर को कराई जाएगी।
मतगणना के मतगणना कार्मिकों की ड्यूटी लगाने के साथ ही प्रशिक्षित किया जा चुका है। मतगणना के दौरान कड़ी सुरक्षा के लिए खाका तैयार किया जा रहा है।
मतगणना के दौरान ही प्रत्याशियों के वोटों की ऑनलाइन फीडिंग की व्यवस्था को लेकर कंप्यूटर और इंटरनेट कनेक्शन की व्यवस्था भी की जा रही है।
इस बीच मतगणना के लिए सभी स्थलों पर बैरीकेडिंग का काम शुरू कर दिया गया है। गुरुवार को डीएम के निर्देश पर मुख्यालय की टीम ने मतगणना केंद्रों पर जाकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
सभी रिटर्निंग अफसरों ने प्रत्याशियों को मतगणना पास जारी करने शुरू कर दिए हैं। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी सूर्यभान ने बताया कि मतगणना के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं।