जिला पंचायत अध्यक्ष के प्रतिष्ठित पद पर यहां समाजवादी पार्टी को वॉकओवर मिल गया है। पार्टी की प्रत्याशी श्वेता सिंह ने अकेले ही दो सेटों में नामांकन पत्र भरा, जबकि 43 सदस्यीय जिला पंचायत से कोई दूसरा प्रतिद्वंद्वी सामने नहीं आया। ऐसे में श्वेता का निर्विरोध निर्वाचन तय है।
कड़ी सुरक्षा के बीच जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए शुक्रवार को केवल दो सेटों में एक नामांकन पत्र दाखिल किया गया। मिल्कीपुर ब्लॉक से जिला पंचायत सदस्य का चुनाव जीती 23 वर्षीय श्वेता सिंह ने रिटर्निंग अफसर के सामने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।
नामांकन के लिए निर्धारित समय सीमा अपराह्न तीन बजे तक किसी दूसरे ने नामांकन नहीं दाखिल किया। एक ही नामांकन पत्र दाखिल होने के कारण श्वेता का निर्विरोध निर्वाचन तय है लेकिन इसकी घोषणा नामांकन पत्र की जांच के बाद हो सकती है।
जिपं अध्यक्ष पद के नामांकन के लिए प्रशासन ने कड़ी सुरक्षा की व्यवस्था की थी। मजिस्ट्रेटों के साथ ही पुलिस कर्मियों को लगाया गया था। भीड़ रोकने के लिए बैरीकेडिंग कराई गई थी।
जिपं अध्यक्ष पद पर नामांकन कराने के लिए सूबे के राज्य मंत्री तेज नरायन पांडेय पवन, गोसाईगंज विधायक अभय सिंह, एमएलसी लीलावती कुशवाहा, पूर्व राज्यमंत्री आनंद सेन यादव, पूर्व विधायक अब्बास अली जैदी उर्फ रुश्दी मियां, जिलाध्यक्ष जयशंकर पांडेय पहुंचे थे।
श्वेता सिंह निवासी उपाध्यायपुर धनैचा मिल्कीपुर ने दो सेटों में नामांकन पत्र रिटर्निंग अफसर अनिल ढींगरा के सामने दाखिल किया।