अब विवेक राय कमेटी की रिपोर्ट लागू करने के साथ ही रेलवे को निजी हाथों में देने की तैयारी हो रही है। ऐसी कमेटी की रिपोर्ट हमें कतई स्वीकार नहीं है। केंद्र सरकार ऐसा करने से बाज आये।
उक्त मांग ऑल इंडिया लोको रनिंग स्टाफ के बैनर तले एकजुट रेलवे के एनआरएमयू, यूआरएमयू, ओबीसी व एससी/एसटी संघ के विभिन्न नेताओं तथा सदस्यों ने रेलवे स्टेशन पर लोको पायलट गार्ड लॉबी के सामने गुरुवार को धरना-प्रदर्शन में वक्ताओं ने की।
कहा रिपोर्ट को लागू किया गया तो इसके परिणाम अच्छे नहीं होंगे। पिछले 20 वर्षों में संरक्षण, संचालन और रनिंग स्टाफ के हितों को लेकर पेश हुई रिपोर्टों को आज तक लागू नहीं किया गया। अब सारी कटेगरी को आउट सोर्सिंग से मैनेज करने की तैयारी है।
वक्ताओं ने रेलवे को निजीकरण की तरफ ले जाने से केंद्र को बाज आने को कहा। कहना था कि एफडीआई को खारिज किया जाये। संरक्षा संबंधी कमेटियों की रिपोर्ट को तत्काल लागू किया जाये। श्रम मंत्रालय के छह घंटे की ड्यूटी के नियम को लागू किया जाये।
ऑल इंडिया लोको रनिंग स्टाफ एसोसिएशन के सुझावों को लागू किया जाये। धरने में एसएस जीपी सिंह, अवधेश दुबे, रामलगन, दिवाकर श्रीवास्तव, सीपीएल श्रीवास्तव, एमआर खान आदि मौजूद रहे।