ग्राम पंचायत चुनाव में पड़े वोटों की गिनती के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। गांव की सरकार बनाने के लिए के लिए बैलेट बॉक्स रविवार की सुबह सात बजे से खोले जाएंगे।
जिले के 11 स्थानों पर मतगणना के लिए लाइट एंड साउंड व्यवस्था दुरुस्त कर ली गई है। मजिस्ट्रेटों के साथ पुलिस अफसरों और पुलिस कर्मियों की तैनाती कर दी गई है।
अफसरों ने इन स्थलों का दौरा करके व्यवस्था का जायजा लिया है। मतगणना के जरिए जिले के 835 ग्राम पंचायतों में प्रधानी के लिए मैदान में डटे 7543 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला होगा।
पंचायत चुनाव में डाले गए वोटों की गिनती के लिए फूल प्रूफ व्यवस्था की गई है। जिले के सभी 11 ब्लॉकों में एक-एक स्थान पर प्रधान और ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए प्रत्याशियों के मतों की गिनती कराई जाएगी।
प्रस्तावित मतगणना स्थलों पर शनिवार को आरओ और एआरओ ने बचे काउंटिंग एजेंटों को पास जारी किया। मतगणना कक्षों में मेजें सजा दी गई हैं। प्रत्येक टेबल पर पांच मतगणना कार्मिक मौजूद रहेंगे।
प्रत्याशियों के मतगणना एजेंटों को मतगणना को देखने के लिए व्यवस्था भी की गई है। मतगणना स्थल पर बिजली की व्यवस्था कर दी गई है। आवश्यकता के अनुसार टेंट की व्यवस्था की गई है।
प्रधान और ग्राम पंचायत सदस्य पद की मतगणना अलग-अलग टेबल पर एक साथ कराई जाएंगी। जिले के लगभग साढ़े पांच हजार ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए बड़ी संख्या में प्रत्याशी मैदान में है।
मतों की गिनती के लिए की गई व्यवस्था का जायजा लेने के लिए शनिवार को बड़े अफसरों की टीम ने सभी मतगणना स्थलों को दौरा किया है। कमियों को पूरा कराने का निर्देश दिया है।
मतगणना कार्मिकों को सुबह छह बजे तक अनिवार्य रुप से मतगणना स्थलों पर पहुंचने का निर्देश डीएम अनिल ढींगरा ने दिया। मतगणना के दौरान कड़ी सुरक्षा के इंतजाम रहेंगे।
मतगणना स्थल की दो सौ मीटर की परिधि में किसी को जाने की अनुमति नहीं होगी। सभी मतगणना स्थलों पर मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी सूर्यभान ने बताया कि मतगणना का तैयारियां पूरी कर ली गई।