मंगलवार को हाईअलर्ट के बाद रोडवेज पर वाहनों की तलाशी लेती पुलिस व डॉग स्कॉयड व बम दस्ता ।
- फोटो : अमर उजाला
सूबे की राजधानी लखनऊ में संदिग्ध आतंकी के साथ मुठभेड़ को लेकर आला अधिकारियों के निर्देश पर विवादित परिसर समेत जुड़वा नगरी में सतर्कता शुरू हो गई है। सार्वजनिक स्थलों समेत चौक-चौराहों पर सघन जांच व तलाशी अभियान छेड़ दिया गया है। आने-जाने वालों की जांच व तलाशी कराई जा रही है। चुनाव मतगणना व बोर्ड परीक्षा के मद्देनजर जिला प्रशासन की ओर से पहले से ही निषेधाज्ञा जारी की गई है।
लखनऊ में एक घर में संदिग्ध आतंकी के छिपे होने की जानकारी पर घेराबंदी के बाद फायरिंग को लेकर आला अधिकारियों की ओर से अलर्ट जारी किया गया है। आला अधिकारियों के सतर्कता बरतने के निर्देश पर जनपद में भी सघन जांच व तलाशी का अभियान शुरू किया गया है।
खुफिया व सुरक्षा एजेंसिा सक्रिय हो गई हैं। अयोध्या के विवादित परिसर को अलर्ट कर दिया गया है तथा परिसर की ओर आने-जाने वालों से पूछताछ की जा रही है। बम खोजी व निरोधी दस्ते तथा एंटी सेबोटाज चेक टीम के साथ पुलिस व खुफिया कर्मियों ने तलाशी अभियान छेड़ दिाया है।
फैजाबाद व अयोध्या रेलवे स्टेशन व बस स्टेशन समेत चौक-चौराहों व सार्वजनिक स्थलों पर जांच व तलाशी कराई जा रही है। होटल, लाज व धर्मशाला संचालकों को सतर्क किया गया है और संदिग्ध हरकत व व्यक्ति की जानकारी तत्काल पुलिस व प्रशासन को देनी की ताकीद की गई है।