भाजपा के चल रहे महाजनसंपर्क अभियान के दो चरण पूरे हो चुके हैं। तीसरा चरण 22 से 26 जुलाई तक चलेगा। अब तक सत्यापन का काम मात्र 45 प्रतिशत ही पूरा हुआ है। शनिवार को इसे लेकर जिला प्रवासी शेष नारायण मिश्रा ने पार्टी कार्यालय पर पदाधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि सदस्यता अभियान के तहत बनाए गए प्राथमिक सदस्यों का पूरे जिले में मात्र 45 प्रतिशत का ही सत्यापन हो पाया है। बूथ, व्यक्तिगत, कैंप के माध्यम से बनाए गए प्राथमिक सदस्यों का सत्यापन घर-घर जाकर उसे 21 जुलाई तक पूरा कर लें।
22 से 26 जुलाई तक विशेष अभियान के तहत सेक्टर स्तर पर टोली बनाकर शेष बचे हुए प्राथमिक सदस्यों का सत्यापन करना है। जिलाध्यक्ष राम कृष्ण तिवारी ने कहा कि पूरे जिले में महा जनसंपर्क अभियान के तहत कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है।
कहा कि 30 जुलाई तक महाजनसंपर्क अभियान में प्राथमिक सदस्यों के सत्यापन का काम पूरा कर लिया जाएगा। सभी प्रवासी व मंडल अध्यक्षों से प्रतिदिन संपर्क कर सत्यापन के कार्य की जानकारी ली जा रही है। बैठक में महा जनसंपर्क अभियान के जिला प्रभारी राजेश तिवारी, मॉनीटरिंग सेल के संयोजक दिव्य प्रकाश तिवारी, सहसंयोजक राजेश सिंह व रोहित पांडेय आदि मौजूद रहे।