अयोध्या। कोरोना टीकाकरण में फिर से निजी अस्पतालों को शामिल किया जा रहा है। हालांकि, इस बार वैक्सीन का शुल्क बढ़ा दिया गया है। अब कोविशील्ड के लिए करीब सात सौ व कोवैक्सीन के लिए 11 सौ रुपये प्रति खुराक शुल्क के रूप में देय होगा।
जिले में कोरोना टीकाकरण अभियान तेजी से संचालित किया जा रहा है। जिला स्तरीय अस्पतालों के साथ-साथ सीएचसी-पीएचसी से लेकर स्वास्थ्य उपकेंद्रों तक टीका लगाया जा रहा है। इन सबके बीच पहुंच वाले धनाढ्य लोगों को सुविधा देने के मकसद से निजी अस्पतालों में दोबारा टीकाकरण शुरू करने की तैयारी की जा रही है।
इस बार टीकाकरण के लिए किसी विशेष निजी अस्पताल को चिह्नित न करके सभी अस्पतालों को अनुमति दी गई है। कोई भी अस्पताल वैक्सीन निर्धारित दर पर प्राप्त करके टीका लगा सकता है। इसके लिए शासन की ओर से दर भी निर्धारित किया गया है।
मुख्य चिकित्साधिकारी डा.ॅ घनश्याम सिंह ने बताया कि पहले निजी अस्पताल में टीका लगाने के लिए 250 रुपये प्रति खुराक के हिसाब से जनता से लिया जाता था। अब इसे बढ़ा दिया गया है।
कोविशील्ड लगवाने के लिए लाभार्थी को करीब सात सौ रुपये प्रति खुराक के हिसाब से देना होगा जबकि कोवैक्सीन की खुराक लेने के लिए करीब 11 सौ रुपये देने होंगे। उन्होंने बताया कि अस्पतालों को वैक्सीन लेने के लिए अनुमति दे दी गई है। इसकी निगरानी भी स्वास्थ्य विभाग की ओर से की जाएगी।