अयोध्या। राम की पैड़ी के सुंदरीकरण के दूसरे चरण का काम भी शुरू हो चुका है। दो महीने के भीतर राम की पैड़ी का कायाकल्प हो जाएगा। दूसरे चरण में दो स्कैप चैनल सहित 495 मीटर घाट का निर्माण कराया जाना है ताकि राम की पैड़ी सुंदर दिखने के साथ-साथ अविरल रूप में भक्तों को आकर्षित भी कर सके। इन कार्यों को अगले दो महीने के भीतर पूरा करने का लक्ष्य है। चैनल का अधूरा काम पूरा होने तक राम की पैड़ी में जल प्रवाह ठप रहेगा।
दीपोत्सव में आकर्षण का केंद्र रही राम की पैड़ी का जल प्रवाह एक बार फिर थमने से राम की पैड़ी की सूरत बदल गई है। हालांकि यह स्थिति राम की पैड़ी के चले रहे सुंदरीकरण कार्य के दूसरे चरण के कारण हुई है। दूसरे चरण का काम शुरू हो चुका है, पंप चलने और पानी का फ्लो होता रहता तो काम में बाधा उत्पन्न होती।
सरयू तक दूसरा सिरा अभी नहीं जुड़ पाया है, जिससे पंप से लिफ्ट पानी बाहर नहीं निकल रहा था, ऐसे में पैड़ी में पानी छोड़ना बंद करके अब दूसरे चैनल का काम पूरा किया जाएगा। फिर जल प्रवाह सुनिश्चित होगा। सिविल परियोजना के दूसरे चरण के तहत राम की पैड़ी का जल प्रवाह वर्ष भर अविरल रहे इसका प्रयास होगा।
दूसरे चरण में दो स्कैप चैनल 105 मीटर व 85 मीटर के तैयार किए जाने हैं। इसी लेवल से पैड़ी के नहर में वाटर रिलीज किया जाना है। इस लेवल पर किसी भी मौसम में जलस्तर चाहे जितना भी घटे पानी की कमी नहीं होने पाएगी।
इसके अलावा राम की पैड़ी के गांधी पार्क से लेकर चौधरी चरण सिंह पार्क तक 495 मीटर घाट भी बनाकर पैड़ी को सुंदर बनाने का काम होगा। स्कैन चैनल बनाने का काम 40 प्रतिशत पूरा भी किया जा चुका है। दूसरे चरण का काम पूरा होने के बाद राम की पैड़ी आकर्षण का केंद्र होगी।
सरयू नहर खंड के अधिशाषी अभियंता जय सिंह ने बताया कि सरयू तक दूसरा सिरा अभी नहीं जुड़ पाया है, जिससे पंप से लिफ्ट पानी बाहर नहीं निकल रहा था, ऐसे में पैड़ी में पानी छोड़ना बंद करके अब दूसरे चैनल का काम पूरा किया जाएगा। फिर जल प्रवाह सुनिश्चित होगा। इस काम में दो माह का समय लगेगा।