मिल्कीपुर। आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, कुमारगंज के कुलपति ने विश्वविद्यालयों की जमीनों पर हुए अवैध कब्जे से जमीन खाली कराने की मुहिम शुरू हो गई है। बहादुरगंज चौराहे पर विश्वविद्यालय की जमीन पर कब्जा कर दुकान बनाने की सूचना पर विश्वविद्यालय के सुरक्षा प्रभारी पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और निर्माण कार्य रोकवाया।
विश्वविद्यालय के शोध क्षेत्र की जमीन पर बहादुरगंज के स्थानीय लोगों द्वारा अवैध कब्जा कर आवासीय मकान एवं लगभग 10 दुकानों का निर्माण कर लिया है। इसके लिए विश्वविद्यालय द्वारा न्यायालय में याचिका दायर की गई थी।
जिसका निर्णय विश्वविद्यालय के पक्ष में आने के बाद इसे खाली कराने को प्रशासन से निवेदन किया था। जिस पर पुन: अवैध कब्जेदारों द्वारा मुकदमा दायर कर दिया गया है और अवैध निर्माण का कार्य किया जा रहा है।
वर्तमान में विश्वविद्यालय द्वारा विश्वविद्यालय मुख्यालय की बाउंड्री का काम चल रहा है। जिसे ग्रामीणों द्वारा गिरा दिया गया था। जिसकी सूचना सुरक्षा प्रभारी द्वारा लिखित रूप से थाना कुमारगंज को दी गई थी। लेकिन अभी तक एफआईआर दर्ज नहीं हो सकी है। इसके लिए कुलपति द्वारा एक कमेटी बनाकर गांव के प्रधान से वार्ता को नियुक्त किया है। कुलपति डॉ. बिजेंद्र सिंह ने बताया कि स्थानीय प्रशासन और पुलिस का सहयोग मिलता है तो शीघ्र ही विश्वविद्यालय की जमीन को अवैध कब्जेधारों से कानूनी कार्रवाई कर खाली कराया जाएगा।