बड़ागांव। सोहावल ब्लॉक के ब्लॉक प्रमुख चुनाव में मतदान के दौरान सपा और भाजपा समर्थक आपस में भिड़ गए। इस दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ब्लॉक मुख्यालय गेट से अंदर घुसने की कोशिश कर रहा था। इस पर भाजपा समर्थकों ने उसकी पहचान पूछी और जब तक पुलिस बल कुछ समझ पाता तब तक दोनों पक्षों में हाथापाई शुरू हो गई।
हाथापाई होता देख पुलिस बल सक्रिय हो गया। डंडा फटकारते हुए दोनों पक्षों को तितर-बितर किया। इस दौरान एक प्रत्याशी को पीटे जाने की खबर फैल गई। घटना लगभग दो बजे ब्लॉक को जाने वाले गैट के बैरियर की है।
थाना प्रभारी आरके राणा ने बताया कि कुछ लोगों द्वारा यह भ्रम फैलाया गया कि सोहावल ब्लॉक पर एक प्रत्याशी की पिटाई हुई है जो शत-प्रतिशत गलत है। एक अजनबी व्यक्ति ने परिसर में घुसने की कोशिश की थी जो न तो मतदाता है और न ही उम्मीदवार।
उसे हटा दिया गया। कुछ लोगों ने उस पर हमला करने की कोशिश की, पुलिस ने उसे बचा लिया है। मौके पर मौजूद पुलिस बल द्वारा दोनों पक्षों को शांत कराकर हटा दिया गया है। (संवाद)