एक उपनिरीक्षक और सिपाही दो दिन से रौनाही थाने में शराब पीकर हंगामा कर रहे थे। थाने पर आने वाले लोगों समेत पुलिस वाले भी तमाशबीन बने रहे। पानी जब सिर से ऊपर बढ़ा तो थानाध्यक्ष ने एसएसपी को सूचना दी। बाद में रविवार दोपहर दोनों को गाड़ी में लादकर जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया और रिपोर्ट वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को दी। एसएसपी ने दोनों को लाइनहाजिर कर दिया है।
नशे में हंगामे की शुरुआत रौनाही थाने पर तैनात सिपाही उत्सव सिंह ने की। उसने शनिवार शाम उपनिरीक्षक शिव पूजन यादव को शराब के नशे में भला बुरा कहा और अपने रौब से थाने की कार्य प्रणाली को चुनौती दी। रविवार सुबह होते ही उपनिरीक्षक ने भी शराब पी और थाने में ही हंगामा शुरू किया। दरोगा और सिपाही जमकर एक-दूसरे पर गाली-गलौज करते रहे। दोनों नशे में धुत थे।
इस दौरान थाने पर आने वाले लोग और पुलिस वाले तमाशबीन बने रहे। थानाध्यक्ष ने हस्तक्षेप की कोशिश की तो, उन्हें भी ललकारने लगे। बाद में थानाध्यक्ष अजीत कुमार सिंह ने दोनों की शिकायत एसएसपी से की। आदेश मिलते ही दोनों को एक बार फिर समझाया, मगर कोई असर होते न देख दोनों नशे में धुत आरोपियों को अन्य पुसिलकर्मियों के सहयोग से गाड़ी में लादकर मेडिकल के लिए जिला मुख्यालय पहुंचाया गया।
दरोगा-सिपाही लाइनहाजिर
सीओ सदर अरविंद चौरसिया ने बताया कि मेडिकल में उपनिरीक्षक के नशे में होने की पुष्टि हुई है। सिपाही के नशे में होने का पुष्टि नहीं हुई है। लेकिन जांच में पाया गया है कि आरोपी सिपाही भी एक दिन पहले शाम को नशे की हालत में उत्पात मचा रहा था। दोनों कई दिनों से थाने पर आपस में लड़ रहे थे, इस कारण दोनों को लाइन हाजिर कर दिया गया है।