जिले में संक्रामक बीमारियाें का कहर थम नहीं रहा है। रहस्यमय बुखार ने दो जानें ली हैं। हैरिंग्टनगंज ब्लॉक के ग्राम मलेथू खुर्द निवासी सतीराम यादव की 24 वर्षीय पत्नी श्यामबाला की लखनऊ में इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि शनिवार की देर रात जिला अस्पताल के बच्चा वार्ड में इलाज के दौरान एक मासूम की मौत हो गई।
हैरिंग्टनगंज ब्लॉक के ग्राम मलेथू खुर्द गांव निवासी सतीराम यादव की पत्नी श्यामबाला पिछले पांच दिनों से रहस्यमय बुखार से पीड़ित थी। परिवारीजनों ने बताया कि तेज बुखार के साथ उसको सांस लेने में भी परेशानी हो रही थी।
विज्ञापन
पति ने उसको जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां तीन दिन चले उपचार के बाद उसकी हालत और बिगड़ गई। जिसके बाद डॉक्टरो ने महिला को गंभीर हालत में लखनऊ रेफर कर दिया। बलरामपुर चिकित्सालय में इलाज के दौरान रविवार की सुबह महिला की मौत हो गई। जैसे ही यह खबर गांव में पहुंची कोहराम मच गया है। मृतका के एक ढाई साल का पुत्र भी है।
पूराकलंदर थानाक्षेत्र के मलिकपुर निवासी धर्मेन्द्र मौर्या की पांच वर्षीय पुत्री स्नेहा के तेज बुखार होने पर शनिवार को दुपहर को भर्ती किया गया। देररात जिला अस्पताल के बच्चा वार्ड में इलाज के दौरान मौत हो गई।
रविवार को जिला अस्पताल में इनायतनगर थाना क्षेत्र के शाहगंज निवासी दिनेश कुमार (18) पुत्र राम अवतार को भर्ती किया गया है। डेंगू होने की आशंका होने की वजह से इन्हें रिजर्व वार्ड में रखा गया है।