वहीं इसी थाना क्षेत्र में आलू-प्याज लादकर आ रहा एक ट्रक कोटसराय गांव के पास पलट गया। हालांकि इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
बुधवार रात एक लोडर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बिल्डिंग मिक्सर मशीन खींचकर ले जा रहा था। इसी दौरान कैंट थाने के दराबगंज स्थित स्कूल के पास हाईवे से गुजर रही एक ट्रक ने पीछे से लोडर को टक्कर मार दी।
इससे लोडर में बंधी बिल्डिंग मिक्सर मशीन अलग हो गई और लोडर क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना करने वाले ट्रक का इंजन बंद हो गया। उधर से गुजर रहे किसी ने हाईवे पर हादसे की जानकारी पुलिस को दी तो कैंट पुलिस के साथ सीओ सिटी मौके पर पहुंच गए।
मौके से क्षतिग्रस्त लोडर के चालक व खलासी को जिला अस्पताल भिजवाया और दुर्घटना करने वाले ट्रक को खिंचवाकर निकट के एक ढाबे पर खड़ा कराया। जिला अस्पताल पहुंचाए जाने के बाद चिकित्सक ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
गुरुवार को मृतक चालक की शिनाख्त हरदोई जिले के कछौना थाना क्षेत्र स्थित गांव सतौधा निवासी 35 वर्षीय महेंद्र कुमार मौर्या पुत्र अनंतराम मौर्या और खलासी की शिनाख्त उन्नाव जिले के पुरुआ थाना क्षेत्र स्थित गांव रतपतिया निवासी 34 वर्षीय सुधीर कुमार यादव पुत्र शिवशंकर यादव के रूप में की गई है।
उधर, देर रात आलू व प्याज लादकर मंडी आ रहा एक ट्रक कैंट थाने के ही कोटसराय के पास पलट गया। जिससे आलू व प्याज सड़क पर फैल गया। हालांकि ट्रक पर सवार खलासी और चालक बच गए।
जानकारी पर पहुंची पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को किनारे करवाया। इस बाबत एसपी सिटी आरएस गौतम ने गुरुवार को बताया कि बुधवार रात पुलिस को दराबगंज के पास वाहनों की भिड़ंत की जानकारी मिली थी।
सीओ सिटी और कैंट निरीक्षक को मौके पर भेेजा गया था। दोनों मृतकों की शिनाख्त हो गई है। पुलिस ने दुर्घटना करने वाले ट्रक को पकड़ लिया है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। कैंट पुलिस को विवेचना दी गई है।