मसौधा (अयोध्या)। पूराकलंदर थाना क्षेत्र में अयोध्या-प्रयागराज हाईवे पर रविवार रात पौने आठ बजे लंगड़ा की चौकी के निकट तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवारों को कुचल दिया। इस हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उनमें एक को जिला अस्पताल से लखनऊ रेफर किया गया है।
क्षेत्र के नरायनपुर गांव निवासी महेश (28) और संजय (25) रविवार सुबह मजदूरी करने अयोध्या आए थे। रात पौने आठ बजे दोनों एक ही बाइक से घर लौट रहे थे। हाईवे पर लंगड़ा की चौकी के निकट एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवारों को रौंद दिया। इस हादसे में बाइक चालक महेश का सिर ट्रक के पहिये की चपेट में आ गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल पहुंचाया। थाना प्रभारी रतन कुमार शर्मा ने बताया कि हादसे के बाद चालक मौके से ट्रक समेत भाग निकला। महेश की हालात अत्यंत गंभीर होने पर डॉक्टर ने उसे लखनऊ रेफर कर दिया। बाइक चालक हेलमेट लगाए था लेकिन उसका सिर ट्रक के पहिये की चपेट में आ गया। संवाद