बीकापुर (अयोध्या)। पुलिस चौकी चौरे बाजार क्षेत्र के रामनगर मंगारी इंटर कॉलेज के समीप प्रयागराज हाईवे पर शनिवार सुबह तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने कार को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार एक बुजुर्ग की मौत हो गई। चालक सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
प्रयागराज हाईवे पर शनिवार सुबह तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने कार को पीछे से टक्कर मार दी। दुर्घटना में कार सवार धर्मराज सिंह (64) निवासी टिकरी जनपद अमेठी, रामराज द्विवेदी (70) निवासी भागीरथीपुर अमेठी, शिव भूषण उपाध्याय (57) निवासी भोजपुर अमेठी और कार चालक भास्कर (42) निवासी भोजपुर अमेठी घायल हो गए।
सीएचसी बीकापुर लाने पर इमरजेंसी में तैनात चिकित्सक ने धर्मराज सिंह को मृत घोषित कर दिया। चालक सहित अन्य दोनों घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। चिकित्सक डॉ. अनिल वर्मा ने बताया कि बुजुर्ग की मौत अस्पताल लाने से पूर्व रास्ते में हो चुकी थी।
हादसे में घायल दो अन्य लोग रामराज द्विवेदी एवं शिव भूषण उपाध्याय शिक्षक बताए जाते हैं। कोतवाली के उपनिरीक्षक मान बहादुर सिंह ने मृतक धर्मराज सिंह के परिजनों के आने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने बताया कि बलरामपुर में माध्यमिक शिक्षक संघ के चुनाव के संबंध में सभी लोग बलरामपुर जा रहे थे।