अयोध्या। पटरंगा थाना क्षेत्र के पुराय गांव में सोमवार देर शाम पेड़ों की कटान के दौरान यूकेलिप्टस का पेड़ गिरने से ट्रैक्टर चालक की मौत हो गई।
कोतवाली रूदौली के भेलसर गांव के निवासी रविशंकर (36) पुत्र हरिश्चंद्र ट्रैक्टर ड्राइवर होने के साथ-साथ एक ठेकेदार के अधीन पेड़ कटान का कार्य कर रहा था।
सोमवार देर शाम साथियों के साथ वह पटरंगा थाना क्षेत्र के पुराय गांव में ठेकेदार द्वारा खरीदे गए यूकेलिप्टिस के पेड़ों की कटान के लिए गया था।
बताया जाता है कि कटान के वक्त पेड़ में रस्से को बांधकर ट्रैक्टर के सहारे पेड़ खींच रहा था कि अचानक भारी भरकम पेड़ ट्रैक्टर पर ही गिर गया।
पेड़ के नीचे दबे रवि को ग्रामीणों ने किसी तरह बाहर निकाला और इलाज हेतु लखनऊ ट्रॉमा सेंटर ले गए। मंगलवार को इलाज के दौरान रविशंकर की मौत हो गई। पटरंगा थाना प्रभारी संतोष सिंह ने जानकारी होने से इनकार किया।