मैन पावर की कमी इलाज में बन रही बाधा, डीएम ने कहा- शीघ्र होगी व्यवस्था
अयोध्या। जिला महिला चिकित्सालय में आधी-अधूरी तैयारियों के साथ शनिवार से कोरोना मरीजों की भर्ती व इलाज शुरू हो गया है। पहले दिन 15 मरीजों को यहां रखा गया है। पर्याप्त मात्रा में मैन पावर न उपलब्ध होने के कारण मरीजों के इलाज में दिक्कतें आ रही हैं। हालांकि, शनिवार को निरीक्षण के लिए आए जिला अधिकारी अनुज कुमार झा ने शीघ्र ही पर्याप्त कर्मचारियों को तैनात करने का आश्वासन दिया है।
जिला महिला चिकित्सालय को 100 बेड का कोविड एल-2 अस्पताल बनाया गया है, जहां शनिवार से ऑक्सीजन युक्त 28 बेड पर कोरोना मरीजों की भर्ती शुरू की गई है। आइसोलेशन वार्ड में वेंटिलेटर तो रखे गए हैं, लेकिन उन्हें चलाने वाले स्टाफ की तैनाती नहीं की गई। इसके अलावा सामान्य मरीजों के उपचार के लिए भी जितने मैन पावर की व्यवस्था यहां की गई थी, उनमें से आधे लोगों ने ही कार्यभार ग्रहण किया, जिससे इलाज में दिक्कत आ सकती है।
जिला अधिकारी अनुज कुमार झा ने शनिवार को महिला अस्पताल का निरीक्षण किया एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि पहले दिन 15 मरीजों को भर्ती किया गया है, जिनका इलाज शुरू किया गया है। व्यवस्थाएं लगभग ठीक हैं, थोड़ी-बहुत कमियां पहले दिन सामने आई हैं, जिन्हें दूर कर लिया जाएगा। मैन पावर की जो कमी है, उसे भी दूर करने के लिए सीएमओ को निर्देशित किया गया है।
वहीं, महिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एसके शुक्ला ने बताया कि एक डॉक्टर ने अभी तक ज्वाइन नहीं किया है। सात स्टाफ नर्स में से सिर्फ दो ने ही अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है। इसी तरह आवश्यकता से आधे वार्ड बॉय व स्वीपर भी अब तक उपस्थित हुए हैं। इस तरह यदि पर्याप्त मात्रा में कर्मचारियों की तैनाती नहीं होगी, तो इलाज करने में असुविधा हो सकती है। जिलाधिकारी ने शीघ्र ही सभी कर्मियों को तैनात करने का निर्देश दिया है।