नजरबाग में कारखाने में रविवार को घुसकर व्यापारी व उसके नौकर पर हमला करने के मामले में पुलिस ने दो अज्ञात नागा साधुओं के खिलाफ बलवा व जानलेवा हमले की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। सोमवार को व्यापारियों ने बैठक कर 48 घंटे में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग उठाई।
चेतावनी दी कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो व्यापारियों का प्रतिनिधिमंडल एसएसपी से मुलाकात करेगा। थानाध्यक्ष रामजन्मभूमि दिनेश्वर पांडेय ने बताया कि मारपीट के मामले में मिश्रीलाल अग्रहरि की तहरीर पर भवनाथ दास के दो अज्ञात शिष्यों के खिलाफ धारा 307, 308, 147,148 भादंवि के तहत रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
दूसरी तरफ व्यापारियों ने राजद्वार पर बैठक कर व्यापारी पर जानलेवा हमले की घटना की निंदा की। व्यापारियों ने कहा कि व्यापारियों का उत्पीड़न करने के लिए इस तरह की घटनाएं आम होती जा रही हैं। अब व्यापारी समाज ऐसे लोगों को मुंहतोड़ जवाब देगा।
बैठक में व्यापारियों ने फैसला लिया कि यदि आरोपियों की 48 घंटे में गिरफ्तारी नहीं किया जाएगा तो व्यापारियों का प्रतिनिधिमंडल एसएसपी से मिलकर कार्रवाई की मांग करेगा। बैठक में सुफल चंद्र मौर्य, प्रेम सागर मिश्र, बालकृष्ण वैश्य, विनोद पोरवाल, शंकर लाल पारीख, सुनील सेठे, अश्विनी गुप्त, रामजी मिश्र, जय प्रकाश, ध्रुव मोदनवाल, लालजी, ध्रुवराज प्रजापति, नंदलाल गुप्त, अंकुर गुप्त, पंकज, जितेंद्र, अमित सहित आदि मौजूद रहे।