अयोध्या। इनायतनगर थाना क्षेत्र के ग्राम अछोरा में मिल्कीपुर हैरिंग्टनगंज मार्ग पर शुक्रवार शाम श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। जिससे तीन महिलाओं की मौत हो गई। करीब 28 लोग घायल हो गए।
आठ लोगों की हालत चिंताजनक बतायी जा रही है। इनायत नगर थाना क्षेत्र में अयोध्या रायबरेली रोड पर स्थित गहनागन देवस्थान पर दर्शन करने के बाद श्रद्धालु शुक्रवार शाम करीब 6 बजे सुल्तानपुर जिले के थाना धनपतगंज के ग्राम बिछौरा मजरे पीरों कला जा रहे थे।
मिल्कीपुर हैरिंग्टनगंज रोड पर ग्राम पंचायत अछोरा में ज्ञानदीप इंटर कॉलेज के निकट ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर एक विद्युत पोल से जा टकराया। जिससे ट्रॉली पलट गई और लोग उसके नीचे दबकर घायल हो गए।
पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को सीएचसी मिल्कीपुर व सीएचसी हैरिंग्टनगंज पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने माधुरी पत्नी वीरेंद्र कुमार (20), हुबराजी पत्नी पुदई (50) एवं लीलावती पत्नी अवधेश (47) को मृत घोषित कर दिया।
सीएचसी मिल्कीपुर से पांच घायलों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया। मौके पर पहुंचे मिल्कीपुर एसडीएम अमित जायसवाल व सीओ सत्येंद्र भूषण त्रिपाठी ने घटना की जानकारी ली।