अब रामनगरी के कुंडों में लाइट-साउंड व फव्वारे के बीच पर्यटक बोटिंग का आनंद भी उठा सकेंगे। भारत सरकार की पहल पर पालिका प्रशासन ने अयोध्या के कुंडों के सौंदर्यीकरण और सजाने-संवारने के लिए सर्वे का काम शुरू कर दिया है। इसके लिए कुंडों व सागरों से अतिक्रमण हटाया जाएगा।
मनुमनि कुंड पर सर्वे के बाद सौंदर्यीकरण का कार्य शुरू कर दिया गया है। भारत सरकार एक पंथ दो काज की रणनीति के तहत कुंडों व सागरों के साथ जल निकायों को बहुआयामी बनाएगी। इन जल निकायों से वाटर रिचार्ज के जरिये सूखे से निपटा जाएगा तो रामनगरी में आने वाले श्रद्धालुओं को ऐतिहासिकता के साथ मनोरंजन की व्यवस्था भी दी जाएगी।
केंद्र सरकार के निर्देश पर पालिका प्रशासन ने रामनगरी के कुंडों का सर्वे शुरू किया है। पालिका की अधिशासी अधिकारी पूजा त्रिपाठी ने बताया कि प्रदेश के मुख्य सचिव के पत्र के मद्देनजर नगरी के कुंडों व सागरों को सजाने-संवारने और सौंदर्यीकरण के साथ वाटर रिचार्ज के लायक बनाने के लिए सर्वे कराया जा रहा है।
अब तक छह से अधिक कुंडों व सागरों का सर्वे कर लिया गया है। इन पर अतिक्रमण चिंह्ति किए जा रहे हैं, जिनकी सूची शासन को भेजी जाएगी। इसके बाद कुंडों को सौंदर्यीकृत कर लाइट-साउंड, फव्वारे के साथ कुछ कुंडों पर मनोरंजन के लिए बोटिंग भी चलवाई जाएगी।