अयोध्या। रौनाही थाना अंतर्गत हाईवे टोल प्लाजा तहसीनपुर से कुछ सौ मीटर पहले रविवार की सुबह कोहरे और तेज रफ्तार की चपेट में आकर एक स्लीपर टूरिस्ट बस अनियंत्रित होकर गड्ढे में जा गिरी। इसमें एक बच्चे सहित तीन लोगों को मामूली चोटें आई जिन्हें मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने दरवाजा और शीशे तोड़कर बाहर निकाला। शेष यात्री बाल बाल बच गए। घंटों बाद बस पर सवार 50 यात्रियों को दूसरे वाहनों से उनके गंतव्य की ओर रवाना किया गया।
टोल प्लाजा से ठीक पहले लखनऊ की ओर टोल बूथ पहुंचने के लिए रफ्तार से आ रही टूरिस्ट बस संख्या आरजे 18 पीबी 1021 एक ट्रक को साइड देकर आगे निकलने की होड़ में अनियंत्रित होकर कच्ची पटरियों में बने गड्ढों में उतर कर नीचे जा गिरी पटरी के किनारे लगे एक पेड़ ने बस को पलटने से बचा लिया जिससे बड़ी दुर्घटना होने से बच गई और बस में सवार लगभग 50 यात्री बाल बाल बच गए। मौके पर पहुंचे स्थानीय ग्रामीणों ने टोल कर्मियों की मदद से दरवाजा और शीशे तोड़कर यात्रियों और उनके सामान को बाहर निकाला।
मात्र एक बच्चे समेत तीन लोगों को मामूली चोटें आई जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया। अन्य यात्रियों को घंटों दूसरे वाहन का इंतजार करना पड़ा तब जाकर वह अपने गंतव्य की ओर रवाना हो सके। पूछे जाने पर थाना प्रभारी रौनाही जितेंद्र सिंह ने बताया एक बच्चे समेत तीन लोगों को मामूली चोटें आई थी शेष सभी यात्री सकुशल बच गए हैं। कुछ देर के लिए यातायात एक तरफ प्रभावित था लाइन जल्दी ही बहाल करा लिया गया।