फैजाबाद-रविवार को सेंट्रल बैंक के एटीएम से पैसे की निकासी के लिए लगी कतार।
- फोटो : अमर उजाला
नोटबंदी के तेरहवें दिन सोमवार को भी लोगों को राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। डिमांड से आधी रकम ही आरबीआई ने जिले की करेंसी चेस्ट में उपलब्ध कराई है। सबसे अधिक करेंसी संकट ग्रामीण बैंक की शाखाओं में रहेगा, जहां 100 व 50 के नोट काफी कम जमा हो रहे हैं, जबकि चेस्ट से रकम नाम मात्र ही मिल रही है। रविवार को चलन वाले नोटों के संकट के कारण ज्यादातर एटीएम बंद रहे।
फिलहाल रविवार को भी चेस्ट वाली मुख्य शाखाओं में एसबीआई, पीएनबी, बीओबी और ग्रामीण बैंक में काम हुआ। यहां शाखाओं से मंगाई गए हजार व पांच सौ के नोटों को आरबीआई लखनऊ भेजने की कवायद हुई।
बैंकों में बंद हुए हजार व पांच सौ के नोटों की जमा राशि की तुलना में 10 फीसदी भी अन्य चलन वाले नोट जमा न होने से भुगतान की समस्या बढ़ती जा रही है। एसबीआई, बीओबी, पीएनबी और ग्रामीण बैंक ने चलन वाले नोटों की डिमांड की थी, लेकिन रविवार को 50 फीसदी ही रकम आरबीआई से मिलने की बात सामने आई है।
ऐसे में बैंक प्रबंधन सोमवार को भी नकगी भुगतान को लेकर हाथ खींचेगा। एटीएम की हालत रविवार को पस्त रही। शहर में एसबीआई के मुख्य शाखा समेत आधा दर्जन एटीएम पर लंबी कतार रही, सेंट्रल बैंक का एक एटीएम शहर में काम करता दिखा।