अगले 24 घंटों में यानि सोमवार की दोपहर दो बजे तक चार मिमी. वर्षा हो सकती है। इस दौरान दस से पंद्रह किमी. प्रति घंटा की गति से हवा चलेंगी। वर्षा के साथ तेज हवा चलने से गेहूं और तिलहन फसल को एक बार फिर नुकसान हो सकता है।
नरेंद्र देव कृषि विश्वविद्यालय कुमारगंज के मौसम विज्ञान विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए ऐसा पूर्वानुमान व्यक्त किया है। रविवार को बादलों और सूरज की लुकाछिपी चलती रही। वहीं देर शाम बूंदाबांदी शुरू हो गई।
नरेंद्र देव कृषि विश्वविद्यालय कुमारगंज के मौसम विज्ञान विभाग ने बताया है कि होली का अवकाश होने से इस बार का मंगलवार तक का फॉरकास्ट नहीं मिल सका है। अगले 24 घंटों में यानि सोमवार को दोपहर दो बजे तक रात और दिन में करीब चार मिमी. तक वर्षा होने की संभावना है।
इसकी वजह पश्चिमी विक्षोभ और पहाड़ों पर होने वाली बर्फबारी है। इस दौरान 10 से 15 किमी की तेज गति से पछुआ हवा चलने का अनुमान है। पिछली बार तेज हवा और ओला गिरने से बीकापुर तहसील क्षेत्र में फसलों को खासा नुकसान हुआ था। विभाग का कहना था कि इस बार भी जिले में कुछ वैसी ही स्थितियां बनती दिख रही हैं।
पानी गिरा और तेज हवा चली तो खेतों में खड़ी फसल को नुकसान पहुंच सकता है। विभाग ने खेतों में कटी अथवा तैयार सरसों की फसल को काटकर छांव में रखने की सलाह किसानों को दी है।