रेलवे क्रासिंग अंडरब्रिज का काम तेज
- फोटो : demo
फैजाबाद-आजमगढ़ मार्ग पर अलनाभारी और गोसाईगंज रेलवे स्टेशनों के बीच रेलवे की टंडौली रेलवे क्रॉसिंग बुधवार की सुबह से 36 घंटे के लिए बंद रहेगी। रेलवे क्रॉसिंग गेट की मरम्मत के लिए राजमार्ग के वाहनों का क्रॉसिंग से गुजरना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
कोई बवाल न हो और गेट की मरम्मत में बाधा न आये इसके लिए रेलवे और जिला पुलिस को तैनात किया गया है। वाहनों का महराजगंज(मया बाजार) और गोसाईगंज से डायवर्जन होगा।
मरम्मत का कार्य बुधवार की सुबह आठ बजे से शुरू होगा और गुरुवार की रात आठ बजे समाप्त होगा। टंडौली में किमी. संख्या 966/1-2 के बीच फैजाबाद-आजमगढ़ राजमार्ग पर रेलवे गेट सं 96 ए स्थित है।
अंधा मोड़ होने से अक्सर छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं आये दिन होती रहती हैं। व्यस्त राजमार्ग की इस क्रॉसिंग पर आये दिन वाहन फाटक से टकराते रहते हैं। गोसाईगंज-अलनाभारी के बीच इस फाटक के बंद होने पर वाहनों को मया बाजार और गोसाईगंज से मोड़ना होगा।
सहायक मंडल अभियंता (एडीईएन) एके बाजपेयी ने बताया कि टंडौली रेलवे क्रॉसिंग से वाहनों का आवागमन गेट मरम्मत के लिए बंद किया जा रहा है। मरम्मत का कार्य बुधवार की सुबह 8 बजे से शुरू होकर दूसरे दिन गुरुवार रात आठ बजे तक चलेगा।