अयोध्या। बिजली मीटरों का जखीरा मिलने के मामले में कार्रवाई जारी है। मीटर से छेड़छाड़ के मामले में अब तक 12 उपभोक्ताओं पर एफआईआर दर्ज कराई जा चुकी है। साथ ही 35 मीटर सील किए जा चुके हैं। शुक्रवार को पांच और मीटरों को सील किया गया है।
फेज टू के एसडीओ एसपी सिंह ने बताया कि मीटर से छेड़छाड़ के मामले में शुक्रवार को मिर्जापुर के मो. इस्लाम, घोसियाना पहाडग़ंज के वली मोहम्मद, कौशलपुरी फेस-2 के विकास जायसवाल, कौशलपुरी फेज-1 के शिव प्रकाश व भगवती नगर शेष भद्र तिवारी के मीटर सील किए गए। उनकी मौजूदगी में ही वीडियोग्राफी कराते हुए नए मीटर लगाए गए हैं।
मीटरों को टेस्ट लैब में भेजा जाएगा। साथ ही उपभोक्ताओं को भी बुलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि इससे पहले सील हुए मीटरों के मामले में 13 को नोटिस भेजी जा चुकी है। टेस्ट लैब में सिर्फ एक ही उपभोक्ता का मीटर सही पाया गया है। बाकी के 12 उपभोक्ताओं पर एफआईआर दर्ज कराई जा चुकी है। अब तक कुल 35 उपभोक्ताओं के मीटर सील किए जा चुके हैं। गौरतलब है कि नगर क्षेत्र में साहबगंज और नाका में मीटरों का जखीरा मिलने के मामले में बिजली विभाग के होश उड़ गए थे। वहां मिले पंजीकृत मीटरों के आधार पर छापा मारा जा रहा है।