सोहावल तहसील क्षेत्र के अंतर्गत मोहम्मदपुर महौली गांव के पास स्थित तालाब के किनारे मंगलवार की सुबह तीन मोर मृत पाए गए। ग्रामीणों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी तो इनका पशु चिकित्सालय में पोस्टमार्टम कराया गया। इसमें मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया, इस पर बिसरा सुरक्षित कर लिया गया।
सुबह आसपास के गांव के लोग नित्यक्रिया के लिए निकले तो तालाब के किनारे तीन मोर मृत अवस्था में देखा। इसकी जानकारी वन विभाग को दी गई। सूचना पर वनरक्षक तुंगनाथ सिंह और हौसिला प्रसाद ने पहुंचकर मृत राष्ट्रीय पक्षी मोर के शव को कब्जे में लिया। तीनों का पीएम कराया गया।
पीएम करने वाले डॉक्टर धीरज कुमार ने बताया कि इनमें से दो मादा और एक नर मोर था। मृत मोरों के बाहरी अंग पर कोई चोट नहीं पाई गई। मोरों की मौत का कारण स्पष्ट न होने के कारण बिसरा सुरक्षित कर लिया गया है।
आसपास के गांव के लोगों में चर्चा रही कि किसी खेत में कीटनाशक के प्रयोग के बाद इन मोर ने वहां बोए गए दाने खा लिए जिससे इनकी मौत हो सकती है। पीएम बाद मोरों का अंतिम संस्कार किया गया।