हादसों में रविवार को एक महिला और दो युवकों की मौत हो गई है। रविवार को लखनऊ हाइवे पर रौनाही थाना क्षेत्र के मुबारकगंज चौराहे के पास एक महिला को वाहन ने रौंद डाला। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया जबकि पूराकलंदर दर्शननगर-गंगौली मार्ग पर गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने साइकिल सवार को रौंद दिया, उसकी मौके पर मौत हो गई जबकि अयोध्या में एक वाहन ने युवक को टक्कर मार दी, बाद में इलाज के दौरान जिला अस्पताल में मौत हो गई।
लखनऊ हाईवे पर रौनाही थानाक्षेत्र के मुबारकगंज चौराहे के पास रविवार की सुबह एक महिला को उधर से गुर रहे वाहन ने टक्कर मार दी। सूचना पर हाईवे के एंबुलेंस ने महिला को जिला अस्पताल भिजवाया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
एनएचआई एंबुलेंस के ईएमटी आनंद स्वरूप ने बताया कि सुबह साढ़े आठ बजे हादसे में 35 वर्षीय महिला के गंभीर घायल होने की सूचना मिली। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया है। अभी उसकी शिनाख्त नहीं हो पाई है। मसौधा/हनुमतनगर प्रतिनिधि के अनुसार पूराकलंदर थानाक्षेत्र में दर्शननगर-गंगौली मार्ग पर गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने एक साइकिल सवार को टक्कर मार दी।
दुर्घटना में साइकिल सवार पहिये के नीचे आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। रविवार को थाना प्रभारी शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि हादसे में नरियावां निवासी 30 वर्षीय अमरपाल पुत्र आशाराम की मौत हुई है।
शनिवार की रात लगभग नौ बजे हुए इस हादसे में उसकी पत्नी मालती देवी की शिकायत पर ट्रैक्टर-ट्रॉली व उसके चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। घटना के समय वह दर्शननगर बाजार से वापस अपने घर जा रहा था।
उधर अयोध्या कोतवाली क्षेत्र में रविवार की सुबह एक वाहन ने स्वर्गद्वार स्थित भागलपुर मंदिर निवासी 30 वर्षीय बिजय वहादुर शर्मा पुत्र सुजीत शर्मा को टक्कर मार घायल कर दिया। घायल को सुबह लगभग पांच बजे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान सवा आठ बजे उसकी मौत हो गई। जिला अस्पताल प्रशासन का कहना है कि पोस्टमार्टम के लिए मेमो पुलिस को भिजवाया गया है।