अयोध्या। जिले में गुरुवार को नगर विधायक और उनकी पत्नी समेत 300 कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। जबकि स्वस्थ होने के उपरांत 171 संक्रमितों की घर वापसी भी हुई है।
वहीं, मेडिकल कॉलेज दर्शननगर में भर्ती एक संक्रमित की इलाज के दौरान मौत हो गई है। जिले में कुल मरीजों की संख्या अब 10921 हो गई है। इनमें सक्रिय मरीज 2057 हैं।
संक्रमितों को आइसोलेट कराने व कोरोना बचाव कार्य संपन्न कराने में स्वास्थ्य कर्मी दिन भर हलाकान रहे। जिले में गुरुवार को 2102 लोगों की कोरोना जांच रिपोर्ट प्राप्त हुई है। इसमें 300 लोग पॉजिटिव मिले।
नगर विधायक वेदप्रकाश गुप्ता व उनकी पत्नी ने कोरोना से मिलते-जुलते लक्षण नजर आने पर गुरुवार को कोरोना जांच कराई तो दोनों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई।
चिकित्सकों की सलाह पर दोनों लोगों ने खुद को होम आइसोलेट करते हुए संपर्क में आने वालों से भी कोरोना जांच कराने की अपील की है। वहीं, मवई ब्लॉक के बाबा कुटी में एक साथ नौ मरीजों के मिलने से ग्रामीणों में हड़कंप रहा।
सभी मरीजों को होम आइसोलेट कराते हुए कोरोना बचाव कार्य कराए गए हैं। इसके अलावा गुरुवार की रिपोर्ट में नगर निगम क्षेत्र के बेगमगंज, रामनगर कॉलोनी, बीकापुर के कोछा, पूरा ब्लॉक के दर्शननगर में पांच-पांच, रेलवे स्टेशन, सोल्हापुरी, मिल्कीपुर के टिकरा, रुदौली के पकड़िया में चार-चार, नगर निगम के वजीरगंज, आरजेबी, रिकाबगंज, झारखंडी, कैंट, रामघाट, दंतधावन कुंड, हैरिंग्टनगंज के रेवना, मसौधा के कौशलपुरी, विष्णुपुरी में तीन-तीन सहित अन्य जगहों पर मरीज पॉजिटिव मिले हैं।
कुल सक्रिय मरीजों में से 1964 को होम आइसोलेशन में रखा गया है, जबकि गंभीर रूप से संक्रमित 93 मरीजों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती किया गया है।