पुलिस चौकी से 500 मीटर की दूरी पर अंजाम दी वारदात
भेलसर (अयोध्या)। कोतवाली रुदौली के भेलसर पुलिस चौकी से मात्र पांच सौ मीटर की दूरी पर राष्ट्रीय मार्ग के निकट रविवार की दोपहर चोरों ने शादाब अहमद निवासी भेलसर के मकान को निशाना बनाकर 2.46 लाख समेत सोने के जेवरात चुरा ले गए। घटना के समय परिवार के सभी लोग अपने पुराने मकान में गए थे।
गृह स्वामी शादाब ने बताया कि रविवार की छुट्टी होने के कारण पत्नी व बच्चे रुदौली नगर में स्थित पुराने मकान में गई थी। वह दोपहर में भोजन करने के बाद घर में रखा कुछ सामान लेकर ताला लगाकर अपनी स्पेयर पाट्र्स की दुकान चला गया। उसके डेढ़ घंटे बाद कुछ सामान लेने जब घर आया तो देखा घर खुला पड़ा था। जब अंदर गया कमरे की हालत देख सन्न रह गया। अलमारी का ताला टूटा पड़ा था, वहां रखे 2.46 लाख समेत सोने की चार अंगूठियां गायब थीं। सूचना पर पहुंचे रुदौली कोतवाल देवेंद्र सिंह ने जांच शुरू कर दी।
वहीं दूसरी ओर एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि दोपहर को जब वह हाइवे सड़क पर जा रहा था तभी देखा एक बाइक सवार एक अज्ञात व्यक्ति मकान के सामने रुका जो पूरी तरह गमछे से अपना मुंह ढके हुआ था। उसकी बाइक के पीछे एक छोटा बैग बंधा था उसने मुझसे कहा कि यहां से चले जाओ मैं चला आया। कुछ दूर जाकर देखा तो वो मकान के अंदर जा चुका था। बाइक बाहर खड़ी थी। भेलसर चौकी प्रभारी द्विवेश द्विवेदी ने बताया कि चोरी की घटना की जांच चल रही है। फोरेंसिक टीम भी मौके मौजूद है। संवाद
चोरी व पॉक्सो एक्ट का आरोपी गिरफ्तार
सोहावल, अयोध्या। रौनाही थाना पुलिस ने सत्तीचौरा चौकी क्षेत्र के मुबारकगंज चौराहा से चोरी सहित अन्य धाराओं में वांछित आरोपी प्रमोद कुमार पांडेय निवासी हरिबंधन पुर को तमंचा के साथ गिरफ्तार किया। चौकी प्रभारी रविश कुमार यादव ने बताया आरोपीचोरी व खंडासा थाना में पाॅक्सो एक्ट के अपराध में दर्ज मुकदमा में पांच साल से फरार चल रहा था। आरोपी का चालान कर दिया गया है। संवाद