मवई थाना क्षेत्र के कामख्या भवानी मंदिर पर दर्शन-पूजन करने आया एक युवक सोमवार को स्नान के दौरान गोमती नदी डूब गया। प्रशासन ने गोताखोरों को नदी में उतारा। पर शाम तक डूबे युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका।
क्षेत्र के मां कामख्या भवानी मंदिर पर नवरात्र में नौ दिनों तक मेला चलता है। सोमवार को बीकापुर कोतवाली क्षेत्र के अवस्थीपुर गांव से लोग ट्रॉली से मां कामाख्या दर्शन के लिए आये थे। दर्शन के पूर्व सभी मंदिर के निकट स्थित गोमती नदी में स्नान के लिए पहुंच गये।
गांव के अतुल व उसका भाई सुशील, मनीष कुमार उर्फ संतोष व ओम प्रकाश गोमती नदी में नहाने लगे। स्नान के दौरान मनीष कुमार उर्फ संतोष व अतुल नदी में डूबने लगे, तो नदी किनारे मौजूद लोगों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। नदी में स्नान कर रहे ओम प्रकाश ने मशक्कत कर मनीष कुमार उर्फ संतोष को बहार निकाल लिया।
जबकि 18 वर्षीय युवक अतुल गहरे पानी में डूब गया। ग्रामीणों की मदद से अतुल की तलाश शुरू कराई गई, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। मवई थाना प्रभारी जयबीर सिंह यादव ने बताया कि सैदपुर चौकी प्रभारी विनोद सिंह के साथ गोताखोरों को तलाश में लगाया गया। अभी पता नहीं चल सका है।