बीकापुर कोतवाली क्षेत्र के गंगा तिवारी का पुरवा लुत्फाबाद बछौली निवासी एक बुजुर्ग महिला की शनिवार की रात जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। परिवारीजनों का कहना है कि ठंड लगने से वृद्धा की मौत हुई है जबकि जांच के बाद तहसील प्रशासन ने ठंड से मौत को इंकार कर दिया है।
तहसील क्षेत्र के गंगा तिवारी का पुरवा लुत्फाबाद बछौली निवासी श्यामपती (60) पत्नी राजाराम विश्वकर्मा शनिवार की शाम पशुओं के लिए चारा लेकर घर आई और भोजन करने के बाद बिस्तर पर लेट गई। प्रधान पति पवन कुमार मिश्र, देवशरण तिवारी ने बताया कि वृद्धा की रात में तबीयत बिगड़ गई और उल्टी दस्त शुरू हो गई।
सीएचसी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. सतीश चन्द्रा ने वृद्धा को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान देर रात वृद्धा की मौत हो गई। राजस्व निरीक्षक दिनेश कुमार मिश्र ने बताया कि हल्का लेखपाल हौसिला प्रसाद पांडेय को मौके पर भेज कर जांच पड़ताल कराई गई। रिपोर्ट के मुताबिक वृद्धा की मौत बीमारी के चलते हुई है जबकि मृतका के पति का कहना है कि ठंड लगने से वह बीमार हुई थी।