अयोध्या। कचहरी में मुकदमे की पैरवी करने आए एक वादकारी को अधिवक्ताओं ने मंगलवार को कोर्ट रूम से घसीटकर जमकर पीटा। कुछ लोगों ने इसकी जानकारी सिविल कोर्ट चौकी प्रभारी को दी। उनके हस्तक्षेप पर किसी तरह वादकारी की जान बची।
24 कक्षीय न्यायालय भवन में छठे तल पर हैदरगंज क्षेत्र का एक व्यक्ति अपने मुकदमे की पैरवी करने आया था। लगभग डेढ़ महीने पहले उसकी अपने अधिवक्ता से किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। आरोप है कि इसी बात से खुन्नस खाए वकील अपने अन्य साथियों के साथ कोर्ट रूम में पहुंच गए। वहां बैठे वादकारी को बाहर खींचकर बुरी तरह पीटा।
इस संबंध में बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कालिका प्रसाद मिश्र व मंत्री सूर्य नारायण सिंह ने बताया कि प्रकरण को बहुत गंभीरता से लिया गया है। इसमें लगभग 10 वकीलों की संलिप्तता पाई गई है। मारपीट करने वाले वकीलों को चिन्हित किया जा रहा है।
जैसे ही नाम प्रकाश में आएगा, सभी लोगों के खिलाफ प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी। इस पर चर्चा के लिए बुधवार को बैठक भी बुलाई गई है। सिविल कोर्ट चौकी प्रभारी हरिकेश ने बताया कि मारपीट की सूचना पर गया था, दोनों पक्षों को अलग करवाकर शांत कराया। अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। संवाद