ग्राम पंचायत चुनाव में पहले चरण का प्रचार गुरुवार शाम थम गया। इस चरण में हैरिंग्टनगंज, मिल्कीपुर और अमानीगंज में वोटिंग 28 नवंबर को कराई जाएगी।
तीनों ब्लॉकों में प्रधान के 214 पद और ग्राम पंचायत सदस्य के 2694 पदों के लिए वोट पड़ेंगे। लगभग चार लाख वोटरों के लिए तीनों ब्लाकों में 249 मतदान केंद्रों पर 695 बूथ बनाए गए हैं।
पहले चरण में जिले के तीन ब्लॉकों में मतदान कराए जाने की तैयारी है। मिल्कीपुर, हैरिंगटनगंज और अमानीगंज में चुनाव प्रचार गुरुवार की शाम पांच बजे समाप्त हो गया। अब प्रत्याशी घर-घर संपर्क को निकल पड़े हैं।
प्रशासन शांतिपूर्ण मतदान की तैयारी कर रहा है। मतदान कराने के लिए लगभग 3200 मतदान कार्मिकों की ड्यूटी लगाई गई है। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी सूर्यभान का कहना है कि पहले चरण में शांतिपूर्ण मतदान के लिए व्यवस्था पूरी कर ली गई है।
इसके अंतर्गत सुरक्षा के साथ ही अन्य व्यवस्थाएं की गई हैं। संवेदनशील बूथों की होगी वीडियोग्राफी ः चुनाव में संवेदनशील मतदान केंद्रों की निगरानी के लिए वीडियोग्राफी की व्यवस्था की गई है।
कुल कैमरों की संख्या 94 बताई गई है। प्रशासन ने इस श्रेणी में मिल्कीपुर में 26, अमानीगंज में 17 और हैरिंग्टनगंज में 28 केंद्रों पर निगरानी की व्यवस्था की है।