नदी से शव बरामद होन पर जुटी भीड़।
- फोटो : अमर उजाला
फैजाबाद केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष अवि आनंद के 75 वर्षीय पिता डॉ. आनंद ने गुरुवार को सरयू पुल से नदी में कूद कर जान दे दी। वे फैजाबाद शहर में अपने मेडिकल स्टोर पर ही सेवाएं देते रहे हैं। शुक्रवार को उनका शव पुल के पूरब संत तुलसी दास घाट के सामने नदी से गोताखोरों ने बाहर निकाला।
उन्हें साइटिका की बीमारी थी, जिसके दर्द से वे बेहद व्यथित व अवसाद में थे। माना जा रहा है कि इसी अवसाद में उन्होंने आत्महत्या का कदम उठाया होगा। उनकी मौत के शोक में शहर क्षेत्र की मेडिकल की सभी दुकानें बंद रहीं। नियावां के बालकराम कॉलोनी स्थित आवास पर शोक व्यक्त करने वालों का तांता लगा रहा।
डॉ. आनंद कुमार शहर के प्रतिष्ठित फिजीशियन थे। वे अपना मेडिकल स्टोर चौक-रिकाबगंज मार्ग पर खोलकर लंबे समय से लोगों को सेवाएं देते रहे हैं, लेकिन इधर काफी दिनों से बीमारी से पीड़ित थे। फैजाबाद केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष उनके पुत्र अवि आनंद के अनुसार डॉ. आनंद गुरुवार की शाम लगभग पांच बजे रिक्शे से अयोध्या के लिए निकले थे।
शाम लगभग सवा छह बजे परिवार के पुराने वाहन चालक ने उन्हें सरयू पुल पर देखा था। उनसे बातचीत के बाद वाहन चालक ने उन्हें फोन कर पिता जी के सरयू पुल से आत्महत्या करने की कोशिश की बात बताई तो उसे पिताजी को समझाकर घर लाने के लिए कहा, लेकिन पिता ने डांट कर उसे भगा दिया।
बताया कि उसके बाद पिताजी ने उनकी बहन को फोन कर कहा कि वह आत्महत्या करने जा रहे हैं। जब परिजनों के साथ स्नान घाट पर पहुंचे तो घाट पर मौजूद लोगों ने किसी के पुल से छलांग लगाने की बात कही। नाविकों ने खोजा, लेकिन वह नहीं मिले।
नयाघाट चौकी प्रभारी श्रीनिवास पांडेय ने बताया कि गोताखोरों से खोजबीन के दौरान शुक्रवार सुबह लगभग दस बजे संत तुलसी दास घाट के सामने शव बरामद कर लिया गया। तलाशी में जेब से मोबाइल व पर्स बरामद हुआ है। कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। बताया कि पोस्टमार्टम कराकर शव को परिजनों को सौंप दिया गया है।