हैदरगंज थाना क्षेत्र के पक्के सागर में शुक्रवार को नहाने गए एक युवक की डूबकर मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने गोताखोरों को बुलाने की बात कहीं। ग्रामीणों ने अपने पैसों से गोताखोरों को बुलवाकर सागर से शव को बाहर निकलवाया, जबकि पुलिस मूकदर्शक बनी देखती रही।
खपराडीह स्टेट के पक्के सागर में सुबह करीब आठ बजे कनुवापुर गांव निवासी सलमान, पिंटू, फरीद और पिंटू का रिश्तेदार हरिप्रसाद नहाने गए थे। नहाते समय फरीद (18) पुत्र मो. रफीक अचानक डूबने लगा। उसने गुहार लगाई लेकिन जब तक उसके साथी बचाने पहुंचते उससे पहले ही वह सागर में डूब गया।
उसे डूबता देख उसके साथियों ने भी गुहार लगाई। आसपास के लोग जमा हो गए और मछुआरे को बुलाकर डूबे युवक को तलाशा जाने लगा। घंटों की मशक्कत के बाद भी उसका कहीं पता नहीं चला तो ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंचे एसआई दुर्गेश मिश्र व चंद्रमणि यादव ने घटनास्थल का जायजा लिया और अयोध्या, फैजाबाद से गोताखोरों को बुलाने की बात कही। जिसके बाद ग्रामीणों ने चंदा लगाकर गोताखोरों को बुलाया और डूबे युवक की तलाश शुरू हुई।
इस दौरान पूरा गांव पक्के सागर के पास एकत्र हो चुका था। घंटों मशक्कत के बाद डूबे युवक को पानी से बाहर निकाला जा सका। ग्राम प्रधान व मृतक के परिवार की सहमति से पुलिस ने शव का पंचनामा कर परिवारीजनों के सुपुर्द कर दिया।