फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सेना भर्ती में प्रवेश से रोका तो अभ्यर्थियों ने काटा हंगामा

विज्ञापन
सिविल लाइंस में तोड़फोड़ करने के बाद वहां पहुंचे पुलिस बल। - फोटो : FAIZABAD
विज्ञापन
अयोध्या। डोगरा रेजीमेंटल सेंटर पर चल रही प्रादेशिक सेना भर्ती में प्रवेश रोके जाने से नाराज युवकों ने मंगलवार सुबह सिविल लाइन इलाके में जमकर हंगामा काटा।
विज्ञापन

नाराज युवकों ने पार्कों की रेलिंग, बाउंड्रीवॉल, सड़क किनारे लगे ट्री-गार्ड को तोड़ डाला। सड़क किनारे खड़े ठेले व गुमटियों को भी तहस-नहस कर दिया।
उधर, हंगामे की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस व पीएसी बल ने उत्पाती युवकों को खदेड़ कर किसी तरह स्थिति पर काबू पाया। करीब एक घंटे तक बवाल चला। इस दौरान राहगीर भी परेशान हुए।
प्रादेशिक सेना भर्ती के दूसरे दिन प्रदेश के युवकों को प्रतिभाग करना था। ये अभ्यर्थी सोमवार शाम से ही शहर में जमा होने लगे। मंगलवार सुबह तक इनकी संख्या करीब 50 से 75 हजार तक पहुंच गई।
विज्ञापन

डोगरा रेजीमेंटल एरिया में अभ्यर्थियों की भारी संख्या देख भर्ती बोर्ड ने कुछ हजार युवकों को ही अंदर प्रवेश दिया। इससे शेष अभ्यर्थियों में आक्रोश फैल गया और वह हंगामा करने लगे।
सुबह करीब 7 बजे शुरू हुआ बवाल करीब एक घंटे तक चला। युवकों की ज्यादा संख्या देखकर पुलिस अधिकारियों के भी हाथ-पांव फूल गए। आननफानन जिले के सभी थानों समेत रिजर्व पुलिस लाइन में तैनात पुलिस कर्मियों व दो कंपनी पीएसी बल को मौके पर बुलाया गया।
इस दौरान उत्पाती युवकों ने सिविल लाइन स्थित गांधी पार्क व श्यामा प्रसाद मुखर्जी पार्क की बाउंड्रीवॉल, रेलिंग व वहां लगे बोर्ड को तहस-नहस कर दिया। साथ ही गांधी पार्क के बगल खड़ी दो गुमटियों को भी तोड़ डाला।
ठेले भी क्षतिग्रस्त कर दिए। इसके अलावा सिविल लाइन स्थित तिराहे स्थित पीएनबी बैंक के एटीएम के सामने लगी रेलिंग को तोड़ दिया। डिवाइडर पर लगे ट्री गार्ड को भी नहीं बख्शा।
कुछ युवकों ने पोस्ट ऑफिस तिराहे के पास लगी फल व जूस की दुकानें भी लूट लीं। हालांकि सूचना पाकर मौके पर पहुंची फोर्स ने उत्पात मचा रहे युवकों को खदेड़ा।
घंटों की मशक्कत के बाद पुलिस इन पर काबू पा सकी। पुलिस ने कई ट्रकों में युवकों को भरकर शहर की सीमा से दूर भेजवाया। बवाल के दौरान उधर से गुजर रहे राहगीरों को भी परेशानी उठानी पड़ी। सीओ सिटी अरविंद चौरसिया ने बताया कि करीब 40 एसआई व 70 सिपाही समेत एक कंपनी पीएसी इन स्थानों पर तैनात हैं। अब स्थिति नियंत्रण में है।
घंटों होता रहा उत्पात, पुलिस बनी रही मूक दर्शक
सुबह करीब 7 बजे शुरू हुए इस उत्पात के दौरान सिविल लाइन इलाके में चौकी सिविल लाइन समेत कुछ अन्य पुलिसकर्मी व पीआरवी मौजूद थी, लेकिन अभ्यर्थियों की भारी संख्या व उनका आक्रोश देख वो लाचार खड़े भारी पुलिस बल आने का इंतजार करते रहे।
करीब 7:20 पर पहुंचे सीओ सिटी अरविंद चौरसिया ने मोर्चा संभाला, उन्होंने गांधी पार्क पर उत्पात कर रहे युवकों से माइक पर शांत रहने की अपील की। हालांकि उनकी अपील सुन कुछ शांत तो हुए लेकिन दूसरी ओर कुछ युवकों ने श्यामा प्रसाद मुखर्जी पार्क के पास बवाल करना शुरू कर दिया।
इसके बाद पुलिस व पीएसी बल ने उन्हें वहां से खदेड़ दिया। मौके पर एसपी सिटी विजयपाल सिंह, नगर कोतवाल नीतीश श्रीवास्तव, थाना कैंट प्रभारी आशुतोष मिश्र समेत सभी चौकी इंचार्ज व अन्य थानों के प्रभारियों ने करीब घंटे भर की मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रण में किया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें