फैजाबाद-लखनऊ हाईवे पर पटरंगा थाना क्षेत्र के बीपी मवई के सामने मंगलवार की दोपहर बाइक में पेट्रोल डलवाने जा रहे एक युवक को ट्रक ने रौंद डाला। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मवई थाना क्षेत्र के नेवादा रसूलपुर गांव के रहने वाले हनीफ का बेटा मेराज (30) मंगलवार की दोपहर अपनी भांजी और एक अन्य महिला को बाइक से लेकर मवई चौराहा दवा लेने के लिए जा रहा था।
उसने पटरंगा थाना क्षेत्र के फैजाबाद-लखनऊ हाईवे पर बीपी मवई के पास अपनी भांजी व महिला को सड़क के दूसरे छोर पर उतार दिया। इसके बाद बीपी मवई स्थित पंप पर पेट्रोल डलवाने जा रहा था।
तभी लखनऊ की ओर से आ रहे तेज रफ्तार टैंकर ने उसे रौंद डाला। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस दौरान मेराज की बाइक टैंकर में फंस गई। टैंकर चालक एक किलोमीटर तक बाइक को घसीटता रहा।
इसी बीच बाइक टैंकर से अलग हुई तो चालक टैंकर समेत भाग निकला। चौकी प्रभारी हाईवे राघवेंद्र यादव ने शव को पीएम के लिए भेज दिया है।