मवई में सड़क हादसे के बाद मौके से घायल को लेकर जाती एम्बुलेंस।
- फोटो : अमर उजाला
मवई थानाक्षेत्र स्थित फैजाबाद-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग-28 पर महाराजताल गांव के निकट रविवार दोपहर करीब 2 बजे अनियंत्रित एसयूवी ने अवैध कट बंद कर रहे एनएचआई के दो मजदूरों को रौंद दिया जिससे एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल मजदूर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मवई में भर्ती कराया गया है। तेज रफ्तार एसयूवी चालक भागने में सफल रहे।
रविवार को मवई थाना क्षेत्र के महराजताल गांव के पास नेशनल हाईवे के डिवाइडर पर बने अवैध कट को बंद करने के लिए एनएचआई ने कई मजदूरों को काम पर लगाया था। इसी दौरान दोपहर करीब दो बजे लखनऊ की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार एसयूवी कार ने दो मजदूरों को रौंद दिया।
हादसे में 55 वर्षीय मजदूर गया प्रसाद निवासी उधौली थाना सफदरगंज बाराबंकी की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि 28 वर्षीय मुकेश कुमार निवासी ग्राम चिलौकी थाना सफदरगंज बाराबंकी गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस ने घायल को सीएचसी मवई में भर्ती कराया है।
घटना के संबंध में मवई कोतवाल प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि घटना करने वाली एसयूवी हादसे के बाद मौके से फरार हो गई, इसकी सूचना वायरलेस पर प्रसारित कर दी गई है। मृतक के परिजनों को सूचना देकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।