फैजाबाद में इनायतनगर थाना क्षेत्र के मीठे गांव के पास जेसीबी द्वारा गड् ढे से निकलवायी जाती दुर्घटना करने वाली बिना नंबर की एसयूवी।
- फोटो : अमर उजाला
इनायतनगर थाना क्षेत्र स्थित फैजाबाद-रायबरेली नेशनल हाईवे पर बुधवार को मीठे गांव के पास बिना नंबर की तेज रफ्तार एसयूवी ने बाइक सवार दंपती को जोरदार टक्कर मार दी। घटना स्थल पर ही दंपती की मौत हो गई जबकि मृत महिला की गोद में मौजूद दुधमुंही बच्ची को सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
हादसे के दौरान एसयूवी सड़क किनारे खड्ड में चली गई, मगर चालक व गाड़ी मालिक मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मृत दंपती के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिए हैं। बाइक चालक हेलमेट नहीं पहने था।
बुधवार दोपहर पूराकलंदर थाना क्षेत्र के कादीपुर निवासी चांदे (30) अपनी पत्नी को विदा कराने ससुराल सेवरा गांव निवासी रामबरन के घर गया था। पत्नी विमलेश की विदाई करा कर वह बाइक से पूराकलंदर स्थित घर को चल पड़ा।
बमुश्किल दो सौ मीटर चलते ही मीठे गांव के पास पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार एसयूवी ने बाइक सवार दंपती को जोर की टक्कर मार दी और अनियंत्रित हो सड़क किनारे स्थित बिजली के खंभे को तोड़ते हुए पलटते हुए नीचे गड्ढे में जा गिरी।
टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार दंपती दूर जा गिरे और घटनास्थल पर ही दोनों की मौत हो गई, जबकि मां की गोद में मौजूद डेढ़ वर्षीय दुधमुंही बच्ची छिटक कर दूर जा गिरी और बाल-बाल बच गई।
ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने बच्ची को सीएचसी में भर्ती कराया और शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
खबर मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंचे सीओ मिल्कीपुर ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। थानाध्यक्ष अरविंद पांडेय ने बताया कि क्षतिग्रस्त काले रंग की एसयूवी को जेसीबी से खिंचवा कर बाहर निकलवाया गया। मौके से एसयूवी का चालक व मालिक भाग निकले, जिनकी तलाश करवाई जा रही है।