बीकापुर कस्बे में मलेथूकनक मोड़ के पास हुई दुर्घटना में दो लोगों की मौत के बाद चोपई पांडेय का पुरवा गांव में मचा कोहराम। बिलखते परिवारीजन।
- फोटो : अमर उजाला
बीकापुर कस्बे में मलेथूकनक मोड़ के पास सोमवार की मध्यरात्रि एक एसयूवी ने सवारी के इंतजार में खड़े तीन लोगों को रौंद दिया। जिनमें एक युवक की घटना स्थल पर मौत हो गई, दूसरे घायल युवक ने लखनऊ पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया और तीसरे घायल बुजुर्ग को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उसका उपचार चल रहा है। पुलिस ने नाकेबंदी कर काले रंग की एसयूवी की तलश करवाई लेकिन सफलता नहीं मिली। अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
कोतवाली क्षेत्र के चंवरढार निवासी बांकेलाल (60) का पुत्र दिल्ली में नौकरी करता है। वह कुछ दिनों से बीमार है। सोमवार की रात तकरीबन 12 बजे बुजुर्ग अपने बेटे से मिलने के लिए घर से दिल्ली जाने को निकले और अपने साथ चोपई पांडेय का पुरवा निवासी रामसरन (35) व संतोष निषाद (38) को बस में बिठाने के लिए बुला लिया।
तीनों लोग मलेथूकनक मोड़ पर खडे़ होकर फैजाबाद जाने वाली बस का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान फैजाबाद की ओर से सुल्तानपुर की तरफ जा रही तेज रफ्तार काले रंग की एसयूवी ने तीनों को रौंद दिया और भाग निकली।
घटना स्थल पर ही संतोष निषाद की मौत हो गई। दोनों घायलों को सीएचसी ले जाया गया जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने नाकेबंदी कर एसयूवी की तलाश करवाई लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला।
उधर रामसरन की लखनऊ ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई जबकि घायल बुजुर्ग का उपचार जिला अस्पताल में किया जा रहा है। प्रभारी निरीक्षक एसबी सिंह ने बताया कि मृत संतोष के भाई आशाराम की तहरीर पर अज्ञात एसयूवी चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
उधर दो मौतों से चोपई पांडेय का पुरवा गांव में कोहराम मच गया। दोनों मृतक गरीब थे और मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करते थे।