अयोध्या। भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व केंद्रीय मंत्री सुब्रह्मण्यम स्वामी ने अपना 80वां जन्म दिन रामनगरी अयोध्या में मनाया। सुबह करीब 8:30 बजे उन्होंने अपनी पत्नी के साथ रामलला का दर्शन किया। इसके बाद वो प्रमोद वन स्थित कांची कामकोटि मठ गए, जहां उन्होंने अपने जन्म दिन पर चल रहे अनुष्ठान में हवन पूजन किया। सुबह करीब 11 बजे वो कारसेवकपुरम गए, जहां पर उन्होंने गो पूजन किया।
अपने जन्मदिन के अवसर पर कांची कामकोटि मठ में पुरुषोत्तमाचार्य, अशोक वैदिक के नेतृत्व में चल रहे अनुष्ठान में भाजपा नेता सपत्नी शामिल हुए। इस दौरान आचार्य पुरुषोत्तमाचार्य, अशोक वैदिक ने वैदिक मंत्रों के उच्चारण के बीच जन्मदिन के अनुष्ठान पूरे कराए। यहां दोनों को रामनामी गमछा देकर सम्मान भी किया गया। इसके बाद उन्होंने मणिरामदासजी की छावनी जाकर वहां के महंत व श्रीरामजन्मभूमि न्यास के अध्यक्ष नृत्यगोपाल दास का आशीर्वाद लिया।
इस दौरान महंतश्री ने उन्हें दीर्घायु होने का आशीर्वाद देते हुए कहा कि राम मंदिर निर्माण में आपकी अहम भूमिका होगी। इसके बाद वो विहिप कार्यालय कारसेवकपुरम पहुंचे, जहां उन्होंने गोशाला में गो माता का पूजन कर उनकी आरती भी उतारी। यहां पर उन्होंने गो सेवा भी की। यहां उनका स्वागत विहिप केंद्रीय समिति के सदस्य दिनेश चंद्र, पंकज जी, पुरषोत्तम नारायन सिंह, विहिप प्रवक्ता शरद शर्मा ने किया।