नरेंद्रदेव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के छात्रावासों में रह रहे सैकड़ों छात्र-छात्राएं बिजली ठप होने से रविवार रात दो बजे बेकाबू हो गए। बिजली कटौती समेत तमाम शोषण, अव्यवस्था और सुविधा शुल्क के मुद्दे को लेकर विवि प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोेल दिया।
आक्रोशित छात्र-छात्राओं ने कुलपति आवास घेर लिया और नारेबाजी करते हुए धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। 14 घंटे बाद सोमवार शाम चार बजे प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे कुलपति ने समस्याओं के समाधान के लिए एक माह का समय मांगा, तो प्रदर्शनकारी लिखित आश्वासन की मांग पर अड़ गए।
कुलपति ने लिखित में कुछ भी देने से मना कर दिया और चले गए। इसके बाद छात्र-छात्राओं का आक्रोश और बढ़ गया। धरना अनवरत जारी है, साथ ही मंगलवार से कुलपति आवास के समक्ष आमरण अनशन की घोषणा की गई है।
प्रदर्शनकारी छात्र-छात्राआें का आरोप है कि विवि प्रशासन उनका हर स्तर पर शोषण कर रहा है। हॉस्टलों की विद्युत अपूर्ति पूरी तरह बाधित है। विवि के प्रत्येक हॉस्टल में निर्धारित शुल्क से अधिक हर महीने प्रत्येक से सुविधा शुल्क वसूल किया जाता है।
जबकि सुविधा के नाम पर गंदा पानी, घटिया भोजन, दूषित वातावरण दिया जा रहा है। तमाम शिकायतों के बाद भी विवि प्रशासन पूरी तरह से संवेदनहीन और गैर जिम्मेदार है। छात्राओं ने कहा कि कोई भी जिम्मेदार अधिकारी समस्या सुनना ही नहीं चाहता।
कहा कि यहां प्रवेश लेने वाले हर छात्र-छात्रा को अपने निर्णय पर अफसोस होता है, क्योंकि विवि में पठन पाठन का माहौल खत्म हो चुका है और छात्रावास की स्थिति इतनी दयनीय हो चुकी है कि न तो पीने के लिए शुद्ध पानी है और न ही नित्यक्रिया की समुचित व्यवस्था।
आक्रोशित विद्यार्थियों को मनाने के लिए सोमवार को सुबह से विवि प्रशासन ने कई चक्र बात करने का प्रयास किया लेकिन सभी प्रदर्शनकारी कुलपति को बुलाने की मांग पर अड़े रहे। शाम चार बजे आखिरकार कुलपति डॉ. अख्तर हसीब प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे और छात्र-छात्राओं की समस्याएं सुनीं।
वीसी ने समस्याओं के समाधान के लिए एक माह का समय मांगा। प्रदर्शनकारी छात्र-छात्राओं ने उनसे लिखित आश्वासन मांगा, जिस पर वीसी नाराज हो गए और लिखित रूप से कुछ भी देने से इंकार करते हुए धरना स्थल से चले गए। इस बात पर प्रदर्शनकारियों का आक्रोश और बढ़ गया।
धरना जारी रखने की बात पर अड़ गए। देर शाम प्रदर्शनकारी छात्र-छात्राओं ने कहा कि अब समस्याओं के समाधान को लेकर मंगलवार से छात्र-छात्राएं आमरण अनशन करेंगे। मौके पर सुबह से मौजूद एसडीएम मिल्कीपुर गिरिजेश चौधरी, सीओ रुदौली संतोष सिंह को ज्ञापन सौंपा।
इस दौरान विवि के रजिस्टार पीके सिंह, सुरक्षा अधिकारी आरके सिंह सहित बड़ी संख्या में विवि कर्मी व पुलिस फोर्स मौजूद रही। कुलपति ने मामले में कहा है कि छात्रों को गुस्सा त्याग कर पठन-पाठन पर ध्यान देना चाहिए। उनकी मांगों पर विवि गंभीरता से कार्रवाई करेगा।